
पश्चिमोत्तर चीन के शिनच्यांग उइगुर स्वायत्त प्रदेश में स्थित सायरम झील इन दिनों अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के चरम पर है। झील के आसपास फैले रंग-बिरंगे जंगली फूल, क्रिस्टल जैसे साफ पानी और बर्फ से ढकी पहाड़ियां मिलकर ऐसा दृश्य बनाते हैं, मानो कोई खूबसूरत पेंटिंग आंखों के सामने जीवंत हो उठी हो। सायरम झील शिनच्यांग की सबसे ऊंची और सबसे बड़ी अल्पाइन झील मानी जाती है। इसे “अटलांटिक का आखिरी आंसू” भी कहा जाता है, क्योंकि यह वह अंतिम स्थान माना जाता है जहां अटलांटिक महासागर से आने वाली गर्म और नम हवाओं का असर महसूस किया जा सकता है।
गर्मियों के मौसम में यहां का नज़ारा पर्यटकों को खास तौर पर आकर्षित कर रहा है। पिछले कुछ दिनों से रोज़ाना 50 हजार से ज्यादा पर्यटक सायरम झील पहुंच रहे हैं। लोग फूलों के बीच घूमते, तस्वीरें खींचते और प्रकृति की इस अद्भुत सुंदरता का आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं। जो लोग प्रकृति की शांति, ठंडी हवाओं और बेमिसाल प्राकृतिक दृश्यों के दीवाने हैं, उनके लिए सायरम झील किसी जन्नत से कम नहीं है।