
15 नवंबर को चीन के युन्नान प्रांत की राजधानी खुनमिंग, जिसे 'वसंत नगरी' के नाम से भी जाना जाता है, के मशहूर तोउनान फूल बाज़ार में बड़ी संख्या में पर्यटक फूलों का दीदार करने और उन्हें खरीदने पहुंचे।
बता दें कि तोउनान फूल बाज़ार अब केवल एक पारंपरिक थोक बाज़ार तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसने पुरानी सीमाओं को तोड़ते हुए फूल उद्योग के साथ-साथ सांस्कृतिक पर्यटन की एक अनूठी पहचान भी बना ली है। यही वजह है कि अब कई सैलानी रात के समय तोउनान बाज़ार की सैर को अपनी यात्रा योजना में खास तौर पर शामिल करते हैं। यहां आने वाले पर्यटक फूलों की महक के बीच टहलते हुए रंग-बिरंगे फूलों की खूबसूरती का आनंद लेते हैं, किफायती दामों पर ताज़े और आकर्षक गुलदस्ते चुनते हैं और इस 'वसंत नगरी' की रूमानी फिज़ा का करीब से अनुभव करते हैं।